फोटो परिचय- एसडीएम को ज्ञापन सौंपते व्यवस्था परिवर्तन अधिवक्ता संगठन के पदाधिकारी।
– डीएम को ज्ञापन देकर पुरानी तहसील से कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यालय स्थापित करने की मांग
– राजस्व न्यायालयों में जवाबदेही तय करने की मांग, 28 सितंबर के बाद आंदोलन की चेतावनी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सब रजिस्ट्रार कार्यालय के स्थानांतरण और राजस्व विभाग में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर व्यवस्था परिवर्तन अधिवक्ता संगठन ने प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की है। संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपते हुए जनहित में तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने की मांग की।
अधिवक्ताओं का कहना है कि सब रजिस्ट्रार कार्यालय लंबे समय से पुरानी तहसील परिसर में संचालित हो रहा है। इससे अधिवक्ताओं के साथ-साथ दस्तावेजी कार्यों के लिए पहुंचने वाले आम नागरिकों को भी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। संगठन ने कार्यालय को कलेक्ट्रेट परिसर में स्थानांतरित किए जाने की मांग पिछले दो वर्षों से प्रशासन के समक्ष उठाने की बात कही, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी।
ज्ञापन में कहा गया कि कलेक्ट्रेट परिसर में सब रजिस्ट्रार कार्यालय स्थापित होने से संबंधित कार्यों के लिए आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और अधिवक्ताओं को भी कामकाज में सहूलियत होगी। संगठन ने प्रशासन से इस मांग पर अब आश्वासन के बजाय ठोस निर्णय लेने की अपेक्षा जताई।
अधिवक्ताओं ने राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि राजस्व संबंधी मामलों में भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आती रहती हैं। इसे रोकने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही निर्धारित करने तथा पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।
संगठन ने स्पष्ट किया कि दोनों मांगों पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई नहीं हुई तो 28 सितंबर के बाद आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। पदाधिकारियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
ज्ञापन देने वालों में संगठन अध्यक्ष श्रीराम पटेल, सुरेश सिंह यादव, विनोद यादव, मो0 आसिफ, ज्ञानेन्द्र कुमार, मंगेश सिंह, मनीष सिंह, सै0 वजाहत हुसैन, चन्द्रपाल, शैलेष कुमार आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।
