फोटो परिचय- पत्रकार वार्ता में जानकारी देते भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव।
— 24 सितंबर से 15 अक्टूबर तक जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में 174 स्थानों पर होंगे कार्यक्रम
— संवाद, अभिनय और संगीत के जरिए जनकल्याण व सुशासन के बदलावों को दिखाने की तैयारी
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन यात्रा को लोगों के बीच प्रस्तुत किया जाएगा।
शनिवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने बताया कि 24 सितंबर से 15 अक्टूबर तक जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 174 स्थानों पर नुक्कड़ नाटक एवं नाट्य मंचन कराया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से आम लोगों तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाने का प्रयास होगा।
उन्होंने बताया कि नाट्य प्रस्तुतियों में गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी की राजनीतिक एवं सार्वजनिक यात्रा, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण, जनकल्याण की योजनाओं तथा सुशासन के माध्यम से हुए बदलावों को संवाद, अभिनय और संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रमों को मनोरंजक होने के साथ-साथ सामाजिक संदेश देने वाला स्वरूप दिया गया है, ताकि सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण का संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच सके।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पार्टी की ओर से सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 17 सितंबर को शाम छह से सात बजे तक ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें लोगों ने अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना की।
उन्होंने बताया कि वडनगर से वाराणसी तक ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ भी जिले में पहुंच रही है। विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया जा रहा है। इसके अलावा विकसित भारत संकल्प यात्रा से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से विकास कार्यों की जमीनी कहानियों को भी लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
अन्नू श्रीवास्तव ने बताया कि ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और लाभार्थी माताओं का सम्मान किया जाएगा। वहीं ‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम के तहत एक ही दिन देश के प्रमुख स्थानों पर मानव रंगोली बनाने का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के विभिन्न स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों से जुड़ी उपलब्धियों एवं कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
पत्रकार वार्ता में नमो सेवा गाथा कार्यक्रम की जिला संयोजक अपर्णा सिंह गौतम, सह संयोजक गौरव शुक्ला तथा जिला प्रवक्ता प्रसून तिवारी मौजूद रहे।
