फोटो परिचय-  ग्राम सेवा संस्थान में चरखा चलातीं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स।

– ग्राम सेवा संस्थान पहुंचीं डीएम, खादी उत्पादों की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया जानी

– स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की कही बात

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। गांधी जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने ग्राम सेवा संस्थान पहुंचकर खादी और ग्रामोद्योग की गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने चरखा चलाकर स्वदेशी उत्पादों के इस्तेमाल और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

संस्थान के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां तैयार किए जा रहे खादी उत्पादों और ग्रामोद्योग से संबंधित वस्तुओं को देखा। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता, निर्माण की प्रक्रिया और संस्थान की गतिविधियों के संबंध में कर्मचारियों से जानकारी हासिल की। इस दौरान उन्होंने कार्यरत कर्मियों से संवाद कर उनके सामने आने वाली समस्याओं और कार्यप्रणाली के बारे में भी चर्चा की।

डीएम ने कहा कि खादी और ग्रामोद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वदेशी वस्तुओं को प्रोत्साहन मिलने से स्थानीय कारीगरों, बुनकरों और छोटे उद्यमियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने खादी के प्रति समर्थन अभियान में हस्ताक्षर कर स्वदेशी उत्पादों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जताई। जिलाधिकारी ने ग्रामोद्योग से जुड़े कार्यों को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को अधिक पहचान दिलाने पर जोर दिया।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, संस्था अध्यक्ष, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, वरिष्ठ सहायक सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now