फोटो परिचय-  टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित करते अधिकारी।

– सेवा संकल्प अभियान में स्वास्थ्य विभाग ने किया जागरूक

– जांच से लेकर नियमित दवा तक, उपचार अधूरा न छोड़ने की अपील

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। टीबी उन्मूलन अभियान को गति देने के लिए सोमवार को विद्यार्थी चैराहा स्थित आरके हॉस्पिटल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत पांच टीबी मरीजों को पोषण किट देकर बीमारी के दौरान पौष्टिक आहार लेने और उपचार नियमित रखने के लिए प्रेरित किया गया।

जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में हॉस्पिटल संचालक डॉ. रवि आनंद ने मरीजों को पोषण सामग्री वितरित की। टीबी नियंत्रण कार्यक्रम में सहयोग के लिए डॉ. रवि आनंद को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी, लगातार बुखार, रात में पसीना, बलगम में खून, सीने में दर्द, वजन घटना और भूख कम लगना टीबी के संभावित लक्षण हैं। ऐसे लक्षण मिलने पर तत्काल सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए। बीमारी की पुष्टि होने पर सरकारी व्यवस्था के तहत निशुल्क उपचार उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि टीबी मरीजों को उपचार के दौरान पोषण के लिए सरकार की ओर से प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जाती है। एसटीएस अजीत सिंह और पीपीएम राकेश कुमार ने बताया कि निक्षय पोषण योजना का लाभ लेने के लिए फेस वेरिफिकेशन जरूरी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद सहायता राशि डीबीटी के जरिए लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है।

कार्यक्रम में मरीजों से समय पर जांच, नियमित दवा और पूरा उपचार करने की अपील की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दवा बीच में छोड़ने से बीमारी गंभीर होने के साथ संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now