फोटो परिचय- जर्जर रामपुर-इब्राहिमपुर मार्ग का दृश्य।
– उखड़ी गिट्टी और टूटी सतह से राहगीर परेशान
– कई गांवों के ग्रामीणों के लिए यही प्रमुख संपर्क मार्ग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मलवां क्षेत्र में रामपुर बंबा पुलिया से इब्राहिमपुर को जोड़ने वाली सड़क बदहाली की वजह से ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। जगह-जगह डामर उखड़ने से सड़क पर गिट्टियां बिखरी हैं और गहरे गड्ढों के बीच वाहन निकालना मुश्किल हो रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है।
यह मार्ग लक्ष्मणपुर, रामपुर, इब्राहिमपुर, सैरपुर, देवमई, कोटिया और सौनाखेड़ा समेत कई गांवों को जोड़ता है। रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी, किसान और महिलाएं इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। बारिश में सड़क की स्थिति और खराब होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला सोशल मीडिया प्रभारी अजीत कुमार सैनी ने सड़क की हालत को जनसुरक्षा से जुड़ा मामला बताते हुए लोक निर्माण विभाग से तत्काल स्थलीय निरीक्षण और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क की लंबे समय से अनदेखी के कारण ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मार्ग का जल्द सुधार न हुआ तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
