दुबई, आठ नवंबर (एपी) सऊदी अरब ने रविवार को राजधानी रियाद और अन्य क्षेत्रों को निशाना बनाकर दागी गईं मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। हालांकि, मिसाइलों का मलबा गिरने से रियाद के वित्तीय जिले में सरकारी तेल कंपनी अरामको की एक इमारत को नुकसान पहुंचा। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने फिलहाल इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, जो पहले भी इस तरह के हमलों का दावा करते रहे हैं। इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने कहा कि उसने ओमान सागर में एक मालवाहक जहाज में आग लगने के बाद चालक दल के 22 सदस्यों को बचा लिया। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही के लिए जोखिम बना हुआ है।
रियाद में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रविवार सुबह उन्होंने जोरदार विस्फोट की आवाज सुनी। उन्होंने कहा कि रियाद के किंग अब्दुल्ला वित्तीय जिले में स्थित अरामको की इमारत की कई मंजिलों को नुकसान पहुंचा है। कुछ मंजिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दीं, जबकि अन्य मंजिलों के बाहरी शीशों को नुकसान पहुंचा।
सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रविवार तड़के रियाद और अन्य क्षेत्रों को निशाना बनाने वाली दो बैलिस्टिक और दो क्रूज मिसाइलों को नष्ट कर दिया। गठबंधन ने बैलिस्टिक मिसाइलें दागने के लिए हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया। सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि हमले के दौरान गिरे मिसाइल के मलबे से इमारत को मामूली नुकसान पहुंचा।
मंत्रालय ने बताया कि कोई हताहत नहीं हुआ है। सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने यह भी कहा कि उसने रात में सऊदी अरब के दक्षिणी क्षेत्र को निशाना बनाकर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को रोक दिया। यह क्षेत्र यमन की सीमा से सटा है और पहले भी हूती विद्रोहियों के हमलों का सामना कर चुका है।
यह घटनाक्रम शनिवार को यमन की राजधानी सना के पास सऊदी अरब के हवाई हमलों के बाद हुआ। सना पर हूती विद्रोहियों का नियंत्रण है। हूती अधिकारियों ने कहा कि इन हमलों में कम से कम 27 लोगों की मौत हुई है।
