फोटो परिचय- शांतीनगर स्थित पटाखा मंडी में आतिशबाजी के सामान की खरीदारी करते लोग।
– महंगाई भी नहीं रोक सकी त्योहार का उत्साह, देर शाम तक बाजारों में रही चहल-पहल
– एमजी कॉलेज और मोदी मैदान में सजी दुकानों पर बच्चों से लेकर बड़ों तक ने की खरीदारी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। रोशनी के पर्व दीपावली पर आतिशबाजी का उत्साह लोगों के सिर चढ़कर बोला। त्योहार के मद्देनजर शहर में सजाई गई पटाखा मंडियों में खरीदारों की भारी भीड़ देखने को मिली। रंग-बिरंगी आतिशबाजी और पटाखों की दुकानों पर सुबह से देर शाम तक ग्राहकों का पहुंचना जारी रहा। बच्चों में जहां फुलझड़ियों और रंगीन अनार को लेकर खास आकर्षण रहा, वहीं युवाओं ने चकरी और विभिन्न प्रकार के पटाखों की खरीदारी की। बढ़ती कीमतों के बावजूद त्योहार की खुशियों में कोई कमी नजर नहीं आई।
प्रशासन ने पटाखों की बिक्री के लिए शहर में शांतीनगर स्थित एमजी कॉलेज मैदान और राधानगर के मोदी मैदान में अलग-अलग मंडियां निर्धारित की थीं। दोनों स्थानों पर दुकानों के सजते ही खरीदारी का दौर तेज हो गया। पिछले दो दिनों से इन मंडियों में ग्राहकों की आवाजाही बनी रही और दुकानदार भी अच्छी बिक्री को लेकर उत्साहित दिखाई दिए।
पिछले वर्ष एमजी कॉलेज मैदान की पटाखा मंडी में आग लगने की घटना को देखते हुए इस बार प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी। अग्निशमन विभाग की टीम भी दोनों मंडियों में सक्रिय रही और आग से बचाव के इंतजामों का जायजा लेती रही।
एमजी कॉलेज मैदान में भाजपा नेता नितिन सिंह भी व्यवस्थाओं में सहयोग करते नजर आए। उन्होंने खरीदारी के लिए पहुंच रहे लोगों की सुविधा और भीड़ को व्यवस्थित रखने में मदद की। सुरक्षा संबंधी सतर्कता और प्रशासनिक निगरानी के बीच पटाखा मंडियों में दीपावली का बाजार गुलजार रहा।
