अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के गिरोह से कथित तौर पर जुड़े गैंगस्टर नसीम दुर्रानी की शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दिल्ली पुलिस और उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम के साथ मुठभेड़ में मौत हो गई। वह दिल्ली के कानून मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के बाहर हुई हत्या सहित कई मामलों में वांछित था। एसटीएफ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमिताभ यश ने लखनऊ में जारी एक बयान में कहा कि दुर्रानी दाऊद इब्राहिम के कुख्यात डी-कंपनी गिरोह का कथित सदस्य था।
एसटीएफ के मुताबिक, दुर्रानी ने डी-कंपनी के प्रमुख सदस्य छोटा शकील के निर्देश पर पाकिस्तानी-कनाडाई स्तंभकार तारिक फतह और फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन की हत्या की सुपारी ली थी। हालांकि वह इसे अंजाम नहीं दे सका। फतह का 2023 में निधन हो गया था।
बयान के अनुसार, दुर्रानी दिल्ली में हत्या के दो अलग-अलग मामलों में वांछित था। इसके अलावा वह गाजियाबाद में हत्या के प्रयास के एक मामले में भी वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और दिल्ली में हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी समेत कम से कम 25 आपराधिक मामले दर्ज थे। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के विशेष आयुक्त हरगोबिंदर सिंह धालीवाल ने बताया कि छोटा शकील ने नसीम को फतह की गतिविधियों की जानकारी दी थी और उसे निर्देश दिया था कि फतह के दिल्ली आने पर उन्हें निशाना बनाया जाए। नसीम ने नोएडा के सेक्टर-16ए स्थित फिल्म सिटी की रेकी भी की थी, जहां फतह के एक टीवी कार्यक्रम के लिए आने की संभावना थी।
अपराध शाखा ने बताया कि छोटा शकील के कहने पर दुर्रानी दिल्ली के द्वारका निवासी रॉबिन शर्मा की हत्या की साजिश में भी कथित तौर पर शामिल था। रॉबिन शर्मा बजरंग दल का कार्यकर्ता था। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने बयान में कहा, 2005 में रॉबिन शर्मा के भाई दीपक की द्वारका में हत्या कर दी गई थी।
उसे कथित तौर पर गलती से निशाना समझ लिया गया था। जांच के दौरान शाहिन सैफी और सलीम अल्लाहदिया को गिरफ्तार किया गया था, जबकि एक अन्य आरोपी तारिक 2006 में उत्तराखंड के रुड़की में दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में 16 नवंबर को कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के बाहर समीर नामक व्यक्ति की हत्या की जांच के दौरान भी दुर्रानी का नाम सामने आया था।
अपराध शाखा ने दुर्रानी की पहचान दिनदहाड़े हुई इस हत्या में शामिल एक शूटर के रूप में की थी। पुलिस के अनुसार, दुर्रानी ने दोनों हाथों में पिस्तौल लेकर समीर पर गोलियां चलाई थीं। दुर्रानी इस साल 26 मई को खजूरी खास इलाके में हुई राजा मेवाती की हत्या में भी कथित तौर पर शामिल था।
बुलंदशहर में यह मुठभेड़ बृहस्पतिवार देर रात सिकंदरा बाईपास के पास दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और उत्तर प्रदेश एसटीएफ की नोएडा इकाई के संयुक्त अभियान के दौरान हुई। संयुक्त टीम ने सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के तहत जाट चौक के पास दुर्रानी को रोका। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि दुर्रानी ने पिस्तौल निकालकर पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें करीब 20 से 25 गोलियां चलीं। अपराध शाखा के मुताबिक, दुर्रानी को गोलियां लगीं और उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दुर्रानी (37) दिल्ली के न्यू मुस्तफाबाद का रहने वाला था। वह उत्तर-पूर्वी दिल्ली के इलाके में सक्रिय था और कथित तौर पर कई संगठित अपराधियों के संपर्क में था। तारिक फतह को धमकी देने के आरोप में उसे पहले भी गिरफ्तार किया गया था।
विशेष पुलिस आयुक्त ने बताया कि दुर्रानी इंस्टाग्राम पर लाइव टू किल नाम से एक अकाउंट चलाता था। आरोप है कि वह इसका इस्तेमाल लोगों में डर फैलाने और उन्हें आपराधिक गतिविधियों की ओर आकर्षित करने के लिए करता था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस अकाउंट को कौन चलाता था।
