फोटो परिचय-  बैठक में किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते भाकियू पदाधिकारी।

– सहकारी समितियों पर डीएपी व यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग

– धान खरीद में तेजी लाने और नहरों में पानी छोड़ने पर दिया जोर

– जिलाध्यक्ष की अनुमति से जिला, तहसील और ब्लॉक कमेटियां भंग

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। किसानों की बुनियादी समस्याओं और कृषि व्यवस्थाओं में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। नहर कॉलोनी परिसर में आयोजित संगठन की बैठक में खाद की किल्लत, सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराने की मांग उठाई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष नवल सिंह पटेल ने कहा कि जनपद का किसान खेती-किसानी से जुड़ी तमाम परेशानियों का सामना कर रहा है। खाद के लिए समितियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, वहीं सिंचाई और बिजली की समस्या भी किसानों की मुश्किलें बढ़ा रही है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।

बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि जिले की सभी सहकारी समितियों पर डीएपी और यूरिया खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाए। सरकारी धान खरीद केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया तेज करते हुए किसानों की उपज का समय से क्रय सुनिश्चित किया जाए। नहरों और माइनरों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी छोड़ा जाए। रसूलपुर सानी पावर हाउस से ग्रामीण क्षेत्रों को मिलने वाली बिजली आपूर्ति का समय बढ़ाने के साथ ही खागा तहसील क्षेत्र में खाद की कमी दूर करने के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।

बैठक के दौरान संगठनात्मक मजबूती को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। जिलाध्यक्ष की अनुमति से जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर की सभी कमेटियों को भंग कर दिया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेन्द्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार उत्तम, गिरजाशंकर मिश्रा, नागेन्द्र यादव, ममता गुप्ता, धनंजय पटेल, महेश फौजी, संजय तिवारी, सर्वेश यादव, चांदनी, गुड़िया और अखिलेश सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now