रेंजर्स शिविर में भाग लेतीं छात्राएं।
– भोजन की बर्बादी रोकने हेतु दिया प्रेरक संदेश
CITY NEWS FATEHPUR 
फतेहपुर(CNF)। डॉ भीमराव अंबेडकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में चल रहे पांच दिवसीय रेंजर्स शिविर के अंतर्गत रेंजर्स ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। शिविर के दौरान रेंजर्स द्वारा दहेज प्रथा के विरोध में प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। जिसमें समाज को जागरूक करने का सशक्त संदेश दिया गया। साथ ही भोजन की बर्बादी रोकने हेतु प्रेरक संदेश भी प्रसारित किया गया।
शिविर में रेंजर्स ने विभिन्न लोकगीतों का गायन एवं पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक पेश की। विशेष आकर्षण के रूप में रेंजर्स ने कैंप लगाकर बिना बर्तनों के भोजन बनाकर अपनी दक्षता और आत्मनिर्भरता का परिचय दिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ राजेश कुमार यादव के संरक्षण में संचालित इस शिविर में पूर्व दिवस पर सिखाई गई गतिविधियों जैसे टेंट निर्माण, आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक चिकित्सा का जीवंत प्रदर्शन रेंजर्स द्वारा किया गया। महाविद्यालय की रेंजर्स प्रभारी डॉ अनुष्का छौंकर एवं प्रशिक्षक निर्मल कुमार पाल तथा शैलेन्द्री ने रेंजर्स द्वारा प्रदर्शित कौशल और अनुशासन की सराहना की। निर्णायक मंडल में महाविद्यालय की प्राध्यापिका डॉ मधुलिका श्रीवास्तव, बृजेश कुमार पाल, डॉ राजकुमार एवं डॉ आनंद ने शिविर का निरीक्षण कर उत्कृष्ट प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप सरोजनी नायडू ग्रुप ने प्रथम स्थान, अहिल्याबाई होलकर ग्रुप ने द्वितीय स्थान तथा सावित्री बाई ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने रंगारंग प्रस्तुति देकर समापन को यादगार बना दिया। इस अवसर पर समस्त महाविद्यालय परिवार की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now