मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के सातवें दिन भी हालात बेकाबू हैं। ऐसे में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुर्द लड़ाकों का समर्थन करते हुए कहा है कि अगर ये जातीय समूह खाड़ी युद्ध में शामिल होने का फैसला करता है तो यह शानदार होगा। 79 वर्षीय राष्ट्रपति ने रॉयटर्स को दिए एक टेलीफोन इंटरव्यू में कहा, “मुझे लगता है कि उनका ऐसा करना बहुत अच्छी बात है, मैं इसका पूरा समर्थन करता हूं। यह घटनाक्रम उन खबरों के बाद सामने आया है जिनमें कहा गया है कि ईरानी कुर्द इस्लामिक गणराज्य में सैन्य अभियान चलाने की तैयारी कर रहे हैं। ईरानी कुर्द, जिनका दावा है कि 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद उनके कस्बे और गांव नष्ट हो गए थे, मुख्य रूप से उत्तरी इराक में रहते हैं। एसोसिएटेड प्रेस (एपी) की एक रिपोर्ट के अनुसार, वे सीमा पार सैन्य अभियान शुरू करने की योजना बना रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि अमेरिका ने इराकी कुर्दों से उनका समर्थन करने का अनुरोध किया है। हालांकि, इसमें यह भी कहा गया है कि इराकी कुर्द इस लड़ाई में शामिल होने को लेकर हिचकिचा रहे हैं।