– सक्रिय लोकेटर का पूरा नेटवर्क कर रहा काम
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। तहसील अंतर्गत किशनपुर कस्बा से बांदा जनपद जोड़ने वाले दांदो यमुना पुल पर इन दिनों अंतर्जनपदीय अवैध परिवहन का सुरक्षित कॉरिडोर बन चुका है। आरोप है कि बांदा जनपद की मोरंग खदानों से निकलने वाले सैकड़ों ओवरलोड अवैध वाहन यमुना पुल के रास्ते फतेहपुर जिले में प्रवेश कर रहे हैं और इसके पीछे सक्रिय लोकेटर सकरी का पूरा नेटवर्क काम कर रहा है।
यह अवैध परिवहन शाम ढलते ही तेज हो जाता है। शाम सात बजे से लेकर सुबह दस बजे तक मोरंग से लदे सैकड़ो ओवरलोड ट्रक, डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली किशनपुर-खागा मार्ग पर खुलेआम तांडव मचाते हैं। इन वाहनों में अधिकांश बिना खनन प्रपत्र, बिना फिटनेस और बिना वैध दस्तावेजों के दौड़ रहे हैं। सबसे गंभीर आरोप यह है कि बांदा जिले की मोरंग खदानों से फतेहपुर तक अवैध परिवहन को निर्बाध रूप से पास कराने में लोकेटर सकरी की अहम भूमिका है। यह लोकेटर नेटवर्क अधिकारियों के आने-जाने, चेकिंग और संभावित कार्रवाई की सूचनाएं पल-पल ड्राइवरों तक पहुंचाता है, जिससे अवैध वाहन समय बदलकर, रास्ता बदलकर आसानी से बच निकलते हैं।
