जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में भाग लेते डीएम व अन्य।
– निवेश मित्र पोर्टल से संबंधित आवेदनों का समय से निस्तारण करने के निर्देश
– एमओयू में नियमानुसार सहायता कर उद्योग कराएं स्थापित
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक कलेक्ट्रेट महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। उन्होंने निवेश मित्र पोर्टल में लंबित आवेदनों की अद्यतन स्थिति की सही जानकारी न होने पर उद्यमी मित्र को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद, सीएम युवा विकास योजना में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योग स्थापना के लिए जो ऋण बैंक से स्वीकृत हो गए है, परन्तु अभी तक वितरण नहीं हुआ है जल्द से जल्द वितरण कराना सुनिश्चित करें। साथ ही जो आवेदन लंबित है, उनका ससमय निस्तारण कराएं। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि जनपद में जो एमओयू साइन हुए है उसके सापेक्ष कितने जेबीसी के लिए रेडी हो गए है व कितने उत्पादन के तैयार है और जीएबीसी रेडी होने के बाद कितने समय तक इकाईयों में उत्पादन होने लगेगा उसकी विस्तृत रिपोर्ट से अगली बैठक में अवगत कराएं। उन्होंने जनपद में उद्योग स्थापित करने के लिए जो एमओयू किए गए है उनमें औद्योगिक संस्थानों को जो भी सहायता की आवश्यकता है संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए सकारात्मक भूमिका निभाते हुए नियमानुसार मदद करें। मलवां रेलवे स्टेशन से रैक प्वाइंट की सड़क अत्यंत खराब है, ग्राम चैफेरवा से मिश्रामऊ तक चैड़ीकरण व डामरीकरण की मांग उद्यमियों द्वारा की गई। जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित सड़क से संबंधित कार्यदाई संस्था से कहा कि कार्ययोजना में नियमानुसार कार्यवाही कर शामिल किया जाये। औद्योगिक इकाइयों से प्राप्त शिकायतों व सुझावों का निस्तारण प्राथमिकता के साथ नियमानुसार कार्यवाही करके अमल में लाएं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, उप जिलाधिकारी सदर, सीएफओ, उपायुक्त उद्योग, एलडीएम, अधिशाषी अभियंता विद्युत हाईड्रिल, पीडब्ल्यूडी, सहायक श्रमायुक्त, ईओ सदर, उद्यमियों सहित संबंधित उपस्थित रहे।
