कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हिंदू संगठनों के पदाधिकारी।
– गौकशों पर अंधेरे का फायदा उठाकर फायरिंग कर भागने का आरोप
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात गौवंश के अवशेष मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की खबर मिलते ही हिंदू संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। गौकशी की आशंका जताते हुए उन्होंने जमकर हंगामा किया और गोकशों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। संगठन के लोगों ने आरोप लगाया कि गौकशी करने वाले बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया और देर रात से ही पुलिस टीमें जांच-पड़ताल में जुट गईं।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के आकूपुर गांव के समीप ग्राम सरायमीना क्षेत्र के एक खेत में मध्य रात्रि के दौरान गौवंश के अवशेष पड़े होने की सूचना मिली। कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने खेत में पड़े अवशेषों को कब्जे में लेकर उनके नमूने सुरक्षित किए तथा परीक्षण के लिए भेज दिया। घटना की सूचना जंगल में आग की तरह फैलते ही विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने गौकशी की घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। उनका आरोप था कि क्षेत्र में सक्रिय गोकशों ने सुनसान खेत में गौवंश को काटा और विरोध की भनक लगते ही फायरिंग करते हुए भाग निकले। हालांकि पुलिस अभी फायरिंग के दावे की भी जांच कर रही है। रात भर चले घटनाक्रम के बाद मंगलवार दोपहर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी से मुलाकात की और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनपद में लगातार गौकशी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। यदि आरोपितों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक संतोष कुमार शुक्ला की तहरीर पर सदर कोतवाली में मु0अ0सं0 168/2026 पंजीकृत कर लिया है। घटना के खुलासे के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। संदिग्ध लोगों की तलाश में दबिश दी जा रही है और आसपास के गांवों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि मध्य रात्रि में खेत में गोवंश के अवशेष पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल पुलिस पहुंची और अवशेषों को सैंपल कर परीक्षण के लिए भेजा गया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा घटना के अनावरण के लिए टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस गांव और आसपास के इलाकों में निगरानी बनाए हुए है, जबकि हिंदू संगठन आरोपितों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now