– सिंचाई भी, अतिरिक्त आय भी मिलेगी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में किसानों की आय बढ़ाने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेत तालाब योजना का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। यह योजना कृषि विभाग की भूमि संरक्षण इकाई (राष्ट्रीय जलागम) एवं भूमि संरक्षण इकाई ईईसी खागा द्वारा संचालित है, जिसके तहत किसानों को अपने खेत में तालाब निर्माण पर आकर्षक अनुदान दिया जा रहा है।
भूमि संरक्षण अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत 22 मीटर गुणे 20 मीटर गुणे 3 मीटर आकार के खेत तालाब के निर्माण पर कुल लागत 105000 निर्धारित है। इसमें किसानों को 50 प्रतिशत यानी अधिकतम 52500 तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत अनुदान राशि दो किश्तों में दी जाएगी। पहली किश्त 39,375 तालाब की खुदाई और दरेसी कार्य पूर्ण होने पर व दूसरी किश्त 13,125 पक्का इनलेट बनने के बाद। यह योजना न सिर्फ वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देगी, बल्कि सिंचाई के लिए स्थायी जल स्रोत भी उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा किसान तालाब के माध्यम से मछली पालन, मोती पालन और अन्य जलीय गतिविधियों से अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे। साथ ही सूखे की स्थिति में भी राहत मिलेगी और भूजल स्तर में सुधार होगा। योजना का लाभ लेने के लिए किसान का फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण अनिवार्य है। आवेदन करते समय 1000 की टोकन राशि जमा करनी होगी। किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर स्वयं या जन सेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। तालाब से सिंचाई के लिए ड्रिप और स्प्रिंकलर सिस्टम पर सरकार द्वारा 80 से 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। वहीं पंपसेट खरीद पर भी 50 प्रतिशत तक सहायता उपलब्ध है। वर्ष 2026-27 के लिए प्रत्येक इकाई में 10 सामान्य और 2 अनुसूचित श्रेणी के तालाबों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पात्र किसानों का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए किसान भूमि संरक्षण अधिकारी राष्ट्रीय जलागम एवं ईईसी खागा कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
