महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देती पुलिस कर्मी।
– महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना मिशन शक्ति का उद्देश्य
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2) अभियान के तहत रविवार को जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं गांवों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम चैपालों का आयोजन किया। इस दौरान ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और त्वरित व विधिसम्मत निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, कानूनी अधिकारों की जानकारी तथा आत्मरक्षा के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। पुलिस कर्मियों ने बालिकाओं व महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी अथवा अन्य अपराध की स्थिति में तत्काल सहायता ली जा सकती है। इसके लिए महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं साइबर क्राइम पोर्टल की जानकारी साझा की गई। अभियान के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद महिलाओं को सुरक्षा सेवाओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें हर स्तर पर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। जिले भर में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है ताकि महिलाएं बिना भय के अपने अधिकारों का प्रयोग कर सकें।

