टोल प्लाजा के समीप अभियान चलाती पुलिस।
– 48 वाहनों के ई-चालान, 4.50 लाख का जुर्माना; डंपर सीज
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने शनिवार की देर रात ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाकर नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जिले के विभिन्न टोल प्लाजा पर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में पुलिस ने 48 वाहनों के ई-चालान करते हुए करीब साढ़े चार लाख रुपये का जुर्माना लगाया, जबकि एक डंपर वाहन को सीज कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी यातायात प्रगति यादव के पर्यवेक्षण में यह अभियान यातायात मुख्यालय के निर्देश पर चलाया गया। देर रात तक चली कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने वाहनों की सघन जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। काटोघन टोल प्लाजा पर क्षेत्राधिकारी खागा दुर्गेशदीप की मौजूदगी में टीएसआई अवधेश कुमार सिंह एवं खागा सीसी टीम प्रभारी कृष्ण कुमार ने चेकिंग अभियान चलाया। वहीं जिंदपुर टोल प्लाजा पर यातायात प्रभारी निरीक्षक केशरी प्रसाद यादव, थाना ललौली की सीसी टीम प्रभारी एरिस पटेल तथा अन्य पुलिस कर्मियों ने वाहनों की जांच की। बड़ौरी टोल प्लाजा पर टीएसआई बृजेश तिवारी और कल्याणपुर थाना प्रभारी सुमित देव पांडेय की टीम ने अभियान संभाला। अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते मिले 30 चालकों के खिलाफ ई-चालान करते हुए तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 18 अन्य वाहन चालकों के खिलाफ डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना किया गया। पुलिस ने नियमों की अनदेखी कर रहे एक डंपर वाहन को भी सीज कर दिया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें। पुलिस का कहना है कि लापरवाही न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now