गाजीपुर थाने में फरियादियों की समस्याएं सुनते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– फरियादियों की समस्याएं सुन दिए सख्त निर्देश

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गाजीपुर थाने में जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, मारपीट, पारिवारिक विवाद एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने एक-एक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों एवं थाना पुलिस को शिकायतों के निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता न बने, बल्कि पीड़ित व्यक्ति को वास्तविक न्याय और राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखी जाए। किसी भी मामले में लापरवाही या अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। एसपी ने यह भी कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है और आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने थाना स्तर पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान थाना गाजीपुर के प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। एसपी की मौजूदगी से फरियादियों में न्याय मिलने की उम्मीद दिखाई दी और लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now