भारत और मिस्र ने रविवार को घोषणा की कि दोनों देशों के अधिकारी संभावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए संदर्भ शर्तों (टीओआर) को अंतिम रूप देने की दिशा में काम करेंगे। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि स्थानीय मुद्राओं में व्यापार को बढ़ावा देने से आर्थिक संबंध मजबूत होंगे और कारोबार की लागत कम करने में मदद मिलेगी। गोयल ने यहां संयुक्त व्यापार समिति की बैठक में कहा, ‘‘मैं इस घोषणा का स्वागत करता हूं।
वाणिज्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव पेटल ढिल्लों के नेतृत्व में हमारी टीमें मिस्र के अधिकारियों के साथ समयबद्ध तरीके से संदर्भ शर्तों पर काम करेंगी। इससे व्यापार, निवेश और शिक्षा सहित कई अन्य क्षेत्रों में व्यापक साझेदारी के जरिये हमारे आर्थिक संबंधों को अगले स्तर पर ले जाने में मदद मिल सकती है।’’ बैठक की अध्यक्षता मिस्र की ओर से निवेश एवं विदेश व्यापार मंत्री मोहम्मद फरीद सालेह ने की। संदर्भ शर्तें किसी व्यापार समझौते पर औपचारिक बातचीत के लिए व्यापक रूपरेखा होती हैं।
इन शर्तों को तय करने के लिए एक कार्य समूह बनाया जाएगा। गोयल ने कहा कि दोनों देश औषधि एवं स्वास्थ्य सेवा, इंजीनियरिंग एवं वाहन उद्योग, कृषि, डिजिटलीकरण एवं वित्तीय प्रौद्योगिकी और संग्रहालयों जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मौजूदा द्विपक्षीय व्यापार 6.5 अरब डॉलर का है, लेकिन ‘‘हमें इससे कहीं अधिक महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखना होगा।’’ वित्तीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के बारे में उन्होंने कहा कि भारत और मिस्र के केंद्रीय बैंक स्थानीय मुद्राओं में व्यापार को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहे हैं।
उन्होंने भारत के डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे यूपीआई को मिस्र की भुगतान प्रणालियों से जोड़ने का सुझाव भी दिया। गोयल ने कहा, ‘‘स्थानीय मुद्राओं में अधिक व्यापार और भुगतान प्रणालियों पर मिलकर काम करने से कारोबार करने का तरीका बदल सकता है। इससे कारोबार की लागत घटेगी और कंपनियों को अधिक व्यापार करने में मदद मिलेगी।’’
