नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने पिछले महीने कार्यवाहक सरकार के गठन के बाद पहली बार मंगलवार को प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की और आम चुनावों की तैयारियों एवं सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की।

सूत्रों ने बताया कि बालुवाटार स्थित प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर हुई इस बैठक में भंग हो चुकी प्रतिनिधि सभा के कई राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने भाग लिया।

कार्की (73) उस समय पिछले महीने नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं जब भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध को लेकर सरकार के खिलाफ युवाओं के नेतृत्व में ‘जेन जेड’ आंदोलन के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली को अपदस्थ कर दिया गया था।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री कार्की ने सभी राजनीतिक दलों से स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने में सहयोग मांगा। नेताओं ने सरकार से चुनाव के लिए अनुकूल माहौल बनाने का आग्रह किया।

कार्की ने आश्वासन दिया कि अंतरिम सरकार कानून के अनुसार काम कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम ‘जेन जेड’ आंदोलन की भावना के विपरीत काम नहीं करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम उचित प्रक्रियाओं और कानून के दायरे में काम करेंगे। हम दिए गए जनादेश के अनुसार काम कर रहे हैं। चुनाव होंगे और भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच जारी है।’’ नेपाल के शीर्ष निर्वाचन निकाय ने पहले ही प्रतिनिधि सभा के चुनाव की तारीख पांच मार्च, 2026 घोषित कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now