रोमन कैथोलिक चर्च के प्रमुख पोप लियो ने मिडिल ईस्ट में जारी भीषण हिंसा पर गहरी चिंता जताई है। वेटिकन सिटी के सेंट पीटर्स स्क्वायर में प्रार्थना के दौरान उन्होंने दुनिया भर से शांति बनाए रखने की अपील की। पोप ने जोर देकर कहा कि अब समय आ गया है जब हथियारों को शांत कर बातचीत के लिए नए सिरे से कोशिशें शुरू की जानी चाहिए।
लेबनान तक युद्ध फैलने का खतरा
पोप लियो ने अपने संबोधन में कहा कि ईरान और पूरे मिडिल ईस्ट से आ रही खबरें बेहद परेशान करने वाली हैं। उन्होंने आगाह किया कि यह लड़ाई केवल डर और नफरत को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने विशेष रूप से ‘प्यारे लेबनान’ का जिक्र करते हुए चिंता जताई कि यदि हिंसा नहीं रुकी, तो यह युद्ध दूसरे देशों को भी अपनी चपेट में ले सकता है।
लोगों की आवाज सुनने पर जोर
दुनिया के करोड़ों लोगों के आध्यात्मिक गुरु पोप ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा, ‘आइए हम प्रार्थना करें कि बमों की गर्जना बंद हो जाए, हथियार शांत हो जाएं और बातचीत के लिए ऐसी जगह बने जहां आम लोगों की आवाज सुनी जा सके।’ उन्होंने स्पष्ट किया कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है और केवल संवाद के जरिए ही मासूमों की जान बचाई जा सकती है।
