प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के पलक्कड़ में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के चुनाव अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने राज्य की एलडीएफ सरकार और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केरल की जनता अब बदलाव चाहती है और एनडीए का लक्ष्य राज्य के लोगों के सपनों को पूरा करना है।
पश्चिम एशिया युद्ध और भारतीयों की सुरक्षा पर बोले पीएम
प्रधानमंत्री ने दुनिया के मौजूदा हालातों का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध पर भारत की पैनी नजर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार कोशिश कर रही है कि इस युद्ध का भारत पर कम से कम असर पड़े। केरल के कई लोग उन युद्धग्रस्त इलाकों में काम कर रहे हैं, जिनकी सुरक्षा के लिए पीएम खुद वहां के राष्ट्राध्यक्षों से संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के लिए भारतीयों के हितों की सुरक्षा सबसे ऊपर है, जबकि इस मामले पर कांग्रेस की बयानबाजी खतरनाक है।
नारीशक्ति वंदन अधिनियम का किया जिक्र
पीएम मोदी ने महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि पलक्कड़ में कांग्रेस नेताओं ने महिलाओं की चिंताएं बढ़ाई हैं। उन्होंने हाल ही में एक कांग्रेसी नेता के निष्कासन का जिक्र करते हुए कहा कि केरल की महिलाओं को इन पार्टियों की सच्चाई समझनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि भाजपा ‘महिला नेतृत्व वाले विकास’ पर विश्वास करती है, जिसके लिए केंद्र सरकार ने ‘नारीशक्ति वंदन अधिनियम’ पास किया है ताकि विधानसभा और संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़े।
केरल के भ्रष्टाचार पर तीखा प्रहार
राज्य की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल पर आज 5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज है, जो पिछले 10 साल में तीन गुना बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पैसा विकास के बजाय एलडीएफ की जेबों में गया है। पीएम ने वादा किया कि जब केरल में भाजपा की सरकार आएगी, तो भ्रष्ट लोगों से पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा और उनकी अवैध संपत्ति वापस लेकर राज्य के विकास में लगाई जाएगी।
कांग्रेस और वामपंथियों के ‘गुप्त गठबंधन’ से सावधान रहने की सलाह
मोदी ने जनता को आगाह करते हुए कहा कि दिल्ली और तमिलनाडु में हाथ मिलाने वाली कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टियां केरल में एक-दूसरे का विरोधी होने का दिखावा करती हैं। उन्होंने इसे जनता को धोखा देने वाला इंडी गठबंधन बताया। पीएम ने कहा कि यूडीएफ और एलडीएफ दोनों मिलकर भाजपा को इसलिए निशाना बना रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि सत्ता में आने पर भाजपा उनके पुराने घोटालों का पर्दाफाश कर देगी।
