इजरायल रक्षा बलों ने शनिवार को एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा है कि ईरान के पास अब ऐसी मिसाइलें हैं जो 4,000 किलोमीटर की दूरी तक मार कर सकती हैं। IDF के मुताबिक, जून 2025 में ‘ऑपरेशन राइजिंग लायन’ के दौरान यह पाया गया कि ईरानी मिसाइलों के रडार में अब लंदन, पेरिस और बर्लिन जैसे बड़े यूरोपीय शहर भी आ गए हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए इजरायल ने कहा कि ईरानी शासन ने पहली बार इतनी लंबी दूरी की मिसाइल दागी है, जो न केवल एशिया और अफ्रीका बल्कि पूरे यूरोप के दर्जनों देशों के लिए एक गंभीर वैश्विक खतरा बन गई है।

ईरान का पलटवार

दूसरी ओर, ईरान ने इजरायल के इन दावों का खंडन किया है, लेकिन साथ ही कड़ी चेतावनी भी दी है। हैदराबाद स्थित ईरानी वाणिज्य दूतावास ने एक्स पर जारी एक बयान में कहा कि अगर इजरायल अपने सबसे सुरक्षित माने जाने वाले ‘डिमोना’ क्षेत्र में मिसाइलों को रोकने में नाकाम रहता है, तो यह माना जाएगा कि इजरायली आसमान अब पूरी तरह असुरक्षित है।

 

ईरान ने इसे युद्ध के एक नए और खतरनाक चरण का संकेत बताया है। इसी के साथ ईरानी पक्ष ने अपनी अगली योजनाओं को लागू करने की बात कहते हुए नवरोज की शुभकामनाएं भी दीं, जो आने वाले समय में संघर्ष के और बढ़ने की ओर इशारा करता है।

नेतन्याहू का संकल्प

इजरायल में हुए हालिया हमलों के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि आज की शाम इजरायल के भविष्य की लड़ाई के लिए बहुत कठिन रही। उन्होंने अराद शहर के मेयर से बात कर घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की और सभी सरकारी मंत्रालयों को तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।

 

नेतन्याहू ने स्पष्ट किया कि इजरायल पीछे हटने वाला नहीं है और वे सभी मोर्चों पर अपने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह संकल्पित हैं। उन्होंने नागरिकों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है और आपातकालीन सेवाओं को अपना पूरा समर्थन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now