CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। किशनपुर कस्बे में रविवार को दुखद घटना सामने आई, जहां गाजियाबाद निवासी अंजू किन्नर यमुना नदी में स्नान के दौरान लापता हो गईं। अंजू अपनी गुरु रीना किन्नर से मिलने किशनपुर आई थीं। मुलाकात के दौरान वह अपने पांच साथियों के साथ कस्बे के यमुना घाट पर स्नान करने पहुंचीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्नान करते समय अंजू अचानक गहरे पानी में चली गईं और तेज धारा में बहने लगीं। साथ मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह पानी में डूब चुकी थीं और नजरों से ओझल हो गईं। जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय मछुआरे तुरंत नदी में उतरकर अंजू की तलाश में जुट गए। करीब दो घंटे से अधिक समय तक लगातार खोजबीन जारी रही, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की सूचना प्रशासन को भी दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस और राहत दल को भी मौके पर बुलाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यमुना घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। फिलहाल प्रशासन द्वारा खोज अभियान जारी है और अंजू की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now