अमेरिकी राज्य वर्जीनिया में हुए चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की एबिगेल स्पैनबर्गर ने जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। वह दक्षिणी अमेरिकी राज्य की पहली महिला गवर्नर बन गई हैं। रिपब्लिकन लेफ्टिनेंट गवर्नर विनसम अर्ल-सियर्स को हराकर मिली उनकी यह जीत, डेमोक्रेट्स के लिए 2026 मिडटर्म चुनावों से पहले एक महत्वपूर्ण विजय मानी जा रही है।

जीत के बाद स्पैनबर्गर का संदेश

जीत का जश्न मनाते हुए स्पैनबर्गर ने कहा कि वर्जीनिया ने देश को यह संदेश दिया है कि हमने पार्टीबाजी के बजाय प्रैक्टिकल सोच को चुना है। उन्होंने जोर दिया कि वर्जीनिया ने अव्यवस्था के बजाय अपने कॉमनवेल्थ को चुना है।

स्पैनबर्गर कौन हैं और उनकी जीत क्यों महत्वपूर्ण है?

46 वर्षीय स्पैनबर्गर का करियर सीआईए से शुरू हुआ था, जहां उन्होंने एक केस ऑफिसर के रूप में काम किया। इससे पहले उन्होंने यूएस पोस्टल इंस्पेक्शन सर्विस में नारकोटिक्स और मनी लॉन्ड्रिंग मामलों की जांच की थी। उन्होंने 2017 में राजनीति में कदम रखा और 2018 में यूनाइटेड स्टेट्स हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के लिए चुनी गईं।

गवर्नर पद की दौड़ में, उन्होंने लोगों की आर्थिक चिंताओं पर ध्यान केंद्रित किया, जैसे खाने, हेल्थकेयर और एनर्जी की लागत कम करना। उन्होंने खुद को वाशिंगटन की अव्यवस्था से अलग दिखाया। उन्होंने कहा कि उनका फोकस पॉलिसीज पर है, न कि ‘पर्सनैलिटी कल्ट’ पर जो राजनीति पर हावी हो गया है।

उन्होंने गन वायलेंस की रोकथाम को भी एक अहम मुद्दा बनाया और असॉल्ट-स्टाइल हथियारों पर बैन लगाने वाले कानून पर साइन करने का वादा किया। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी उनका समर्थन किया था।

ट्रंप और रिपब्लिकन के लिए मायने

भले ही डोनाल्ड ट्रंप का नाम बैलेट पर नहीं था, लेकिन वर्जीनिया में इस डेमोक्रेटिक जीत को उनके दूसरे राष्ट्रपति कार्यकाल के लिए एक जनमत संग्रह के तौर पर देखा जा रहा है। वर्जीनिया पेंटागन और कई फेडरल वर्कर्स का घर है, जो ट्रंप की खर्च कटौती से प्रभावित हुए थे।

ट्रंप के कैंपेन मैनेजर क्रिस लैसिविता ने सीधे तौर पर रिपब्लिकन उम्मीदवार की आलोचना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि एक बुरे कैंडिडेट और बुरे कैंपेन के नतीजे होते हैं,वर्जीनिया गवर्नर्स की रेस इसका उदाहरण नंबर 1 है। कई विश्लेषकों का मानना ​​है कि यह जीत 2026 के मिडटर्म चुनावों का संकेत है, जहां डेमोक्रेट्स के पास कांग्रेस में नियंत्रण वापस जीतने के मौके होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now