आत्मीय मिलन एवं स्मृति संगम समारोह में भाग लेते साथी।
– नौ दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि, विषम परिस्थितियों में मदद के लिए सहायता कोष बनाने पर जोर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। समय बीतता गया, जिम्मेदारियां बढ़ती गईं और जिंदगी अपने-अपने रास्ते पर आगे बढ़ती रही, लेकिन करीब 15 साल बाद जब सेवारत मृतक आश्रित नियुक्त बीटीसी प्रशिक्षण बैच के साथी एक मंच पर जुटे तो पुरानी दोस्ती और प्रशिक्षण काल की यादें फिर ताजा हो गईं। आबूनगर स्थित एक मैरिज हॉल में रविवार को आयोजित आत्मीय मिलन एवं स्मृति संगम समारोह में साथियों ने एक-दूसरे से अनुभव साझा किए। पुराने किस्से याद आते ही कई साथी भावुक हो गए।
करीब पांच घंटे तक चले कार्यक्रम में मिलन के साथ सामाजिक सरोकार और आपसी सहयोग का संदेश भी सामने आया। 93 सदस्यीय बैच के नौ दिवंगत साथियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। साथियों ने उनके साथ बिताए प्रशिक्षण काल और जुड़ी यादों को साझा करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए अनुराग मिश्र ने कहा कि इतने लंबे अंतराल के बाद एक साथ जुटना केवल औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि वर्षों पुरानी आत्मीयता को फिर से मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि साथियों का रिश्ता केवल स्मृतियों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरत के समय एक-दूसरे के साथ खड़ा होना ही इस मिलन की वास्तविक सफलता होगी।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने साथियों के हितों से जुड़े मामलों में संगठन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। वहीं दिग्विजय सिंह ने फंड एवं पेंशन से संबंधित समस्याओं के समाधान में निस्वार्थ सहयोग करने की बात कही। समारोह में विषम परिस्थितियों में एक-दूसरे की मदद के लिए सहायता कोष गठित करने की पहल पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भावुक एवं यादगार बना दिया। व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी प्राथमिक शिक्षक संघ नगर इकाई अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने संभाली, जबकि कार्यक्रम की रणनीति जगदीश कुमार यादव ने तैयार की।
समारोह में विनोद सिंह, स्मृति श्रीवास्तव, रामदुलारे पाठक, लालसा यादव, प्रभावती, राखी, तारावती, अजय द्विवेदी, आदित्य गुप्त, सुधीर कुमार, अनूप सविता, राम नारायण मिश्र, सीपी वर्मा समेत बड़ी संख्या में प्रशिक्षण साथी मौजूद रहे।
