114 से अधिक मुकदमों वाले अपराधी निगरानी के दायरे में, चोरी से लेकर हत्या और धोखाधड़ी तक के मामले दर्ज
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने अभ्यस्त एवं शातिर अपराधियों के खिलाफ निगरानी की कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सक्रिय 16 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक इन सभी के खिलाफ जिले सहित अन्य स्थानों के थानों में 114 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद अब संबंधित अपराधियों की गतिविधियों पर पुलिस की नियमित नजर रहेगी।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के तहत हथगांव थाना क्षेत्र के मोहम्मद कौनैन पुत्र स्व. तैयब अली निवासी मुल्लनपुर की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। उसके खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस रिकॉर्ड में गोवध से संबंधित अपराध दर्ज हैं। इसी थाना क्षेत्र के आलीम पुत्र शेम्मू नट निवासी नटका डेरा चकभुगुनापुर के खिलाफ छह मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गोवध से संबंधित मामले शामिल हैं।
कोतवाली क्षेत्र के अशोक बेलदार पुत्र रामजीवन बेलदार निवासी बेलदरइया के खिलाफ सर्वाधिक 15 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। उसके विरुद्ध चोरी और नकबजनी के मामले हैं। राधानगर थाना क्षेत्र के रीशूप पासवान पुत्र श्रीराम पासवान निवासी झाऊपुर पुनलया के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस रिकॉर्ड में चोरी के मामले दर्ज हैं। जहानाबाद थाना क्षेत्र के अकरम उर्फ मन्नू पुत्र सलीम बच्चा उर्फ समझदार निवासी काजीटोला के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गोवध से संबंधित मामले बताए गए हैं।
खागा क्षेत्र में एक ही परिवार के चार नाम
खागा थाना क्षेत्र में चार अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। योगेन्द्र पुत्र नवल किशोर निवासी धरमंगदपुर शाहजहांपुर सेलरहा के खिलाफ हत्या के पांच मुकदमे दर्ज हैं। उसके भाई पवन सिंह पुत्र नवल किशोर के खिलाफ हत्या के चार मुकदमे दर्ज हैं। इसी परिवार के मदन उर्फ भूपेंद्र सिंह पुत्र नवल किशोर के खिलाफ छह तथा नवल किशोर पुत्र स्व. रामेश्वर प्रसाद के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में सभी के खिलाफ हत्या से जुड़े मामले दर्ज बताए गए हैं।
खखरेरू थाना क्षेत्र के चमरौली मोहल्ला निवासी अखिलेश कुमार पुत्र धक्कूड़ के खिलाफ छह मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध चोरी के मामले दर्ज बताए गए हैं।
हुसैनगंज में चोरी-नकबजनी के दो आरोपी निगरानी में
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ज्ञानबाबू लोधी पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी गयासपुर के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ चोरी और नकबजनी के मामले दर्ज हैं। इसी गांव के शिवम यादव पुत्र रामनरेश यादव के खिलाफ भी पांच मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध भी चोरी और नकबजनी से जुड़े मामले बताए गए हैं।
ललौली थाना क्षेत्र के राजनगर कस्बा बहुआ निवासी लक्ष्य प्रताप सिंह पुत्र शैल उर्फ शैलेन्द्र सिंह उर्फ देवेंद्र सिंह के खिलाफ 10 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित मामले दर्ज हैं।
मलवां थाना क्षेत्र के अमित धोबी पुत्र स्व. बालचंद्र निवासी कुंवरपुर के खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध चोरी के मामले दर्ज बताए गए हैं। बकेवर थाना क्षेत्र के पंचमपुर निवासी गौतम रैदास पुत्र स्व. रामकिशोर रैदास के खिलाफ छह मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गौसपुर निवासी धर्मवीर उर्फ उगलेश राजपूत के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ धोखाधड़ी से जुड़े मामले दर्ज हैं।
लगातार रखी जाएगी गतिविधियों पर नजर
पुलिस के मुताबिक हिस्ट्रीशीट खोले जाने का उद्देश्य ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखना और किसी भी आपराधिक गतिविधि की स्थिति में समय रहते कार्रवाई करना है। संबंधित थाना पुलिस अब इन अपराधियों की गतिविधियों, आवागमन और आपराधिक संपर्कों पर निगरानी रखेगी। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण अभियान के तहत आगे भी ऐसे अपराधियों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।
