विद्यालय में जांच-पड़ताल करती पुलिस।
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। किशनपुर थाना क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय गाजीपुर में बुधवार सुबह स्कूल खुलने पर चोरी की घटना सामने आई। विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों ने देखा कि खिड़की की सरिया काटकर चोर अंदर दाखिल हुए थे और विद्यालय के तीन पंखे खोल लिए गए। इनमें प्राथमिक विद्यालय के दो तथा जूनियर विद्यालय का एक पंखा शामिल बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी इंचार्ज प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार यादव ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को दी। साथ ही ग्राम प्रधान गोवर्धन निषाद को भी मामले से अवगत कराया गया। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान के साथ प्रताप और वासिम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को देकर लिखित शिकायत किए जाने की बात कही। 112 पुलिस टीम करीब 10 बजे विद्यालय पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने बताया कि खिड़की की सरिया काटकर चोर विद्यालय के अंदर दाखिल हुए और इसके बाद पंखे खोलकर ले जाने का प्रयास किया। घटना की जानकारी 112 टीम द्वारा किशनपुर थाने को भी दे दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय बंद होने के बाद गाजीपुर, चांदनापुर और मीनातारा क्षेत्र के कुछ अराजकतत्व विद्यालय के आसपास घूमते और ताश खेलते दिखाई देते हैं। आशंका जताई जा रही है कि चोरी की घटना में उन्हीं में से किसी का हाथ हो सकता है। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इंचार्ज प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि स्कूल समय समाप्त होने के बाद किशनपुर थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दी जाएगी।
