– एसपी ने कई थानों व शाखाओं में नई जिम्मेदारियां सौंपी
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह और चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने रविवार को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। इस दौरान निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। माना जा रहा है कि अपराध नियंत्रण, बेहतर पुलिसिंग और कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है।

स्थानांतरण आदेश के अनुसार निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह को प्रभारी सर्विलांस सेल से हटाकर थाना बिंदकी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं निरीक्षक सुनील कुमार सिंह को अपराध शाखा से स्थानांतरित कर प्रभारी सर्विलांस सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपनिरीक्षक तुषार श्रीवास्तव को थाना बकेवर से स्थानांतरित कर थानाध्यक्ष कल्यानपुर नियुक्त किया गया है। जबकि उपनिरीक्षक दिवाकर सिंह, जो अब तक थाना राधानगर में तैनात थे, उन्हें थानाध्यक्ष बकेवर की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा उपनिरीक्षक अभिलाष तिवारी को पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर सर्विलांस सेल में तैनात किया गया है। वहीं उपनिरीक्षक नवनीत कुमार उपाध्याय, जो धाता थाना क्षेत्र की किशनपुर चौकी के प्रभारी थे, उन्हें पुलिस लाइन संबद्ध करते हुए जनपद की सोशल मीडिया सेल में नियुक्त किया गया है। एसपी ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा पुलिसिंग में कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now