पीड़ित दुकान मालिक।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में एक किराया विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित दुकान मालिक ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि उसकी शिकायत का सही तरीके से निस्तारण नहीं किया गया, बल्कि फर्जी आख्या लगाकर मामले को बंद कर दिया गया।
ग्राम अलीपुर थाना मलवां निवासी रामसागर पुत्र स्व. वस्तीलाल ने मुख्यमंत्री पोर्टल (आईजीआरएस) के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी एक दुकान सर्वेश सोनी को करीब दो वर्ष पूर्व 10000 मासिक किराये पर दी थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से किराया नहीं दिया जा रहा है और दुकान भी खाली नहीं की जा रही है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर प्रमोद कुमार शुक्ला द्वारा की गई। जांच में यह बात सामने आई कि प्रारंभिक समय में किराया दिया जाता रहा, लेकिन बाद में किराया देना बंद कर दिया गया। साथ ही दुकान खाली कराने को लेकर विवाद की स्थिति बनी रही। पुलिस द्वारा बताया गया कि मामले में थाना मलवां पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करते हुए उप जिलाधिकारी सदर को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दिया है। साथ ही दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए 12 फरवरी 2026 को धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई भी की गई। हालांकि, पीड़ित रामसागर का आरोप है कि पुलिस ने उसकी समस्या का समाधान नहीं किया और बिना उचित कार्रवाई के ही शिकायत का निस्तारण दिखा दिया। उन्होंने मांग की है कि उनकी दुकान का ताला खुलवाया जाए और कब्जा दिलाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now