– राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चों ने मोहा मन, नाट्य मंचन से जीवंत हुआ कृष्ण जन्म प्रसंग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जन्माष्टमी के अवसर पर आरवीएस इंटरनेशनल स्कूल का वातावरण भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आया। विद्यालय परिसर में आयोजित कृष्ण जन्मोत्सव के दौरान बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा धारण कर बाल कृष्ण की लीलाओं का मनोहारी प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष प्रार्थना सभा से हुआ, जिसमें विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा और कृष्ण का रूप धारण कर आकर्षण का केंद्र बने रहे। वहीं वरिष्ठ विद्यार्थियों ने कृष्ण जन्म और कालिय मर्दन की घटनाओं का नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत कर धार्मिक प्रसंगों को जीवंत कर दिया।
सामूहिक गीतों, नाट्य प्रस्तुतियों और कृष्ण की लीलाओं पर आधारित कार्यक्रमों ने बच्चों के साथ मौजूद शिक्षकों और अभिभावकों का भी मन मोह लिया। बच्चों की आकर्षक पोशाकों और प्रस्तुतियों से पूरा विद्यालय परिसर कृष्णमय नजर आया।
विद्यालय के चेयरमैन बिंदा सिंह और एकेडमिक डायरेक्टर वीशा मोहिन्द्रा ने बच्चों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान कृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। प्रधानाचार्या सुनीता श्रीवास्तव ने कहा कि राम और कृष्ण जैसे अवतारों ने मानव जीवन को सत्य, कर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपने आचरण में उतारने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने कृष्ण से जुड़ी कथाओं और प्रसंगों को उत्सुकता के साथ सुना और पूरे उत्साह से आयोजन में भाग लिया।
