– अंगूठी पर लिखा सोनू, आखिर कौन है यह महिला?
– बकेवर पुलिस ने शिनाख्त के लिए आम लोगों से मांगी मदद
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। बकेवर थाना क्षेत्र में गंग नहर के किनारे करीब 35 से 40 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। विगत बारह अगस्त को बरिगवां के पास गंग नहर किनारे महिला का शव बरामद किया गया था। शव की हालत खराब होने के कारण अभी तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है। बकेवर पुलिस अब महिला के शरीर से मिले कपड़ों और आभूषणों को पहचान का आधार बनाकर उसकी शिनाख्त कराने में जुटी है। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों के लोगों से भी महिला की पहचान कराने में सहयोग की अपील की है।
महिला के हाथ से बरामद पीली धातु की अंगूठी पूरे मामले में सबसे अहम सुराग बनकर सामने आई है। पुलिस के अनुसार अंगूठी स्थानीय मेले में बनवाई हुई प्रतीत होती है और उस पर सोनू नाम लिखा हुआ है। पुलिस को उम्मीद है कि यदि किसी महिला के परिजन अथवा परिचित इस अंगूठी और अन्य सामान से उसे पहचानते हैं तो अज्ञात महिला की शिनाख्त हो सकती है। पुलिस के मुताबिक महिला ने ब्राउन प्रिंटेड फूलदार बॉर्डर वाली साड़ी पहन रखी थी। साड़ी का बॉर्डर और सिर पर ओढ़ने वाला पल्लू फूलदार व कढ़ाईदार था। साड़ी पर किसी प्रकार का ब्रांड, लोगो या अन्य पहचान चिह्न नहीं मिला। महिला के शरीर पर लाल रंग का पेटीकोट था। इसके अलावा सफेद रंग के धागे में काले और सफेद रंग की गुरिया तथा नीले रंग की फूलदार पैंटी मिली है। इन वस्तुओं पर भी कोई ब्रांड या लोगो अंकित नहीं था। बकेवर थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने अपील किया कि यदि उनके परिचितों, रिश्तेदारों अथवा आसपास के क्षेत्र में 35 से 40 वर्ष की कोई महिला लापता है और उसके कपड़े या आभूषण इस विवरण से मेल खाते हैं तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। महिला की पहचान अथवा उसके संबंध में कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिलने पर उसे पुलिस तक जरूर पहुंचाएं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
