हाईवे किनारे पैदल जाते समय हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गुनीर के समीप गंगा स्नान कर घर लौट रहे 52 वर्षीय अधेड़ की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार चांदपुर थाना क्षेत्र के भिखनीपुर गांव निवासी सुखनंदन का 52 वर्षीय पुत्र धर्मराज उन्नाव जनपद में गंगा स्नान करने गया था। स्नान करने के बाद वह वापस घर लौट रहा था। बताया जाता है कि गुनीर के समीप वाहन से उतरने के बाद धर्मराज पैदल हाईवे की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि धर्मराज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
