महिलाओं व बच्चों के बीच पंपलेट वितरित कर जागरूक करती महिला पुलिस कर्मी।

– चौपाल में सुरक्षा, सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की दी जानकारी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने के लिए रविवार को जिलेभर में मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। बहू-बेटी अभियान के तहत पुलिस टीमों ने गांवों और कस्बों में चौपाल लगाकर महिलाओं से सीधा संवाद किया।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा एवं सम्मान से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। अभियान के दौरान खासतौर पर परित्यक्ता, तलाकशुदा, विधवा, निराश्रित और दहेज उत्पीड़न से प्रभावित महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।

महिला पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। साथ ही भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023 में महिलाओं एवं पीड़ितों से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

चौपाल में महिलाओं को निःशुल्क विधिक परामर्श, फैमिली काउंसलिंग और कानूनी सहायता की उपलब्धता के बारे में बताया गया। जागरूकता पंपलेट बांटकर महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर चुप न रहने के लिए प्रेरित किया गया।

मिशन शक्ति टीमों ने आपात स्थिति में डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090, जननी सुरक्षा-102, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, एंबुलेंस-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 की जानकारी दी। पुलिस ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी तरह के उत्पीड़न या संकट की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन अथवा नजदीकी पुलिस से संपर्क करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now