CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में गुटखा और पान मसाला के दामों को लेकर बाजार में हड़कंप मचा हुआ है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई दुकानों पर प्रिंटेड एमआरपी (मैक्सिमम रिटेल प्राइस) से काफी अधिक कीमत पर ये उत्पाद बेचे जा रहे हैं। जहां 165 रुपये प्रिंटेड रेट वाला गुटखा पाउच 200 से 220 रुपये तक में मिल रहा है, वहीं अन्य ब्रांडों में भी अचानक 20-30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है।
स्थानीय ग्राहकों का कहना है कि केंद्रीय बजट 2026 के बाद तंबाकू उत्पादों पर जीएसटी, स्वास्थ्य उपकर और अतिरिक्त उत्पाद शुल्क बढ़ने की अफवाह फैलाकर बड़े थोक व्यापारी और डीलर मनमाने ढंग से ऊंचे दाम वसूल रहे हैं। खुदरा दुकानदारों को महंगे रेट पर माल मिलने के कारण वे भी मजबूरी में उपभोक्ताओं से अधिक पैसे ले रहे हैं। जनपद के विभिन्न इलाकों से ऐसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उपभोक्ताओं ने संबंधित विभागों की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि प्रिंटेड एमआरपी से अधिक दाम वसूलना कानूनी रूप से अपराध है, फिर भी प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों का आरोप है कि बड़े व्यापारियों के हौसले बुलंद होने से छोटे दुकानदार और आम जनता पर बोझ पड़ रहा है। बाजार में चल रही इस कथित कालाबाजारी और महंगाई के बीच आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कई लोग चेतावनी दे रहे हैं कि यदि जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा/उपभोक्ता संरक्षण विभाग जल्द संज्ञान नहीं लेते, तो व्यापक स्तर पर विरोध-प्रदर्शन और शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। अब सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन इस मामले में सक्रिय जांच शुरू कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगा और उपभोक्ताओं को राहत दिलाएगा, या स्थिति और बिगड़ती जाएगी। उपभोक्ताओं से अपील है कि अधिक दाम पर बिक्री होने पर तुरंत स्थानीय अधिकारियों या उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज करें।
