CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। नगर क्षेत्र के मोहल्ला अयोध्या नगर में अज्ञात चोरों ने एक मकान में चोरी की घटना को अंजाम दिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित गृहस्वामी ने कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार बीती दिन अपने गांव जगजीवनपुर गया था। सुबह जब गृहस्वामी हज़राज सिंह आए तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने अलमारी में रखे नकद रुपये, सोने-चांदी के आभूषण तथा अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया व संभावित सुराग जुटाए। इसके साथ ही मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बीते कुछ समय से चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह पटेल ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।
