**- बढ़ते जलस्तर के बीच ग्रामीणों को किया जागरूक, लापरवाही से बचने की दी हिदायत
– नदी, तालाब और नहरों से दूरी बनाए रखने की अपील**
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी, तालाब, नहर और अन्य जलाशयों में पानी का स्तर बढ़ने लगा है। ऐसे में डूबने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा को लेकर ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। हाल के दिनों में तालाबों में डूबने से बच्चों की मौत की घटनाओं के बाद पुलिस विशेष रूप से बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरत रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों को जलाशयों के आसपास रहने वाले लोगों से संवाद करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान पुलिस टीमें गांवों में पहुंचकर लोगों को बारिश के मौसम में जलभराव वाले स्थानों और तेज बहाव से होने वाले खतरों की जानकारी दे रही हैं।
पुलिस की ओर से अभिभावकों से कहा गया है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखें। बच्चों को नदी, तालाब, नहर अथवा अन्य जलाशयों के पास अकेले न जाने दें। पानी में नहाने, तैरने या खेलने से भी उन्हें रोकें। पुलिस ने बताया कि बारिश के दौरान सामान्य दिखाई देने वाले तालाब और गड्ढे भी अधिक गहरे और खतरनाक हो सकते हैं।
ग्रामीणों को अपने आसपास ऐसे स्थानों की पहचान करने के लिए भी कहा गया है, जहां जलभराव, अधिक गहराई या तेज बहाव के कारण हादसे की संभावना बनी रहती है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि बच्चों और किशोरों को भी जलाशयों के खतरों के बारे में समझाएं, ताकि उत्सुकता या लापरवाही में कोई अनहोनी न हो।
पुलिस ने साफ किया कि बारिश के मौजूदा दौर में थोड़ी सी सावधानी बड़ी दुर्घटना को रोक सकती है। किसी व्यक्ति के जलाशय में फंसने या डूबने जैसी आपात स्थिति सामने आने पर तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा 112 पर सूचना देने की अपील की गई है।
