प्रभात फेरी निकालते जामिया इस्लामिया मदरसे के छात्र।
-छात्राओं ने पेश किया नाटक, लूटी वाहवाही
मोहसिन खान
सिटी न्यूज़ फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जामिया इस्लामिया मदीनतुल-उलूम, संगांव में शनिवार को देशभक्ति और उत्साह का शानदार नजारा देखने को मिला। सुबह छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भव्य प्रभात फेरी निकाली। इस दौरान जय हिंद-जय भारत के नारों से पूरा संगांव राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग उठा।
इसके बाद जामिया परिसर में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जामिया के प्रबंधक मौलाना शमीम अहमद ने ध्वजारोहण कर किया। तिरंगा फहराते ही छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश की आन-बान-शान को सलाम किया।
समारोह में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर प्रभावशाली एवं ज्ञानवर्धक तकरीरें पेश कीं। राष्ट्रीय गीतों और देशभक्ति के तरानों से माहौल जोश और जज्बे से भर गया। वहीं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत शानदार नाटक और ड्रामा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। छात्राओं ने अपनी अभिनय प्रतिभा के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुति पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर जामिया के प्रधानाचार्य एवं काजी शहर फतेहपुर मुफ्ती मुहम्मद शहाबुद्दीन मिस्बाही ने कहा कि आजादी हमारे लिए बेहद अनमोल नेमत है। इसकी कद्र करना और देश की तरक्की, अमन, भाईचारे, सुरक्षा एवं एकता के लिए योगदान देना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है। बच्चों को बेहतर तालीम के साथ अच्छे संस्कार और राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ना बेहद जरूरी है।
समारोह में जामिया परिसर पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगे की शान, बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों और जय हिंद-जय भारत के नारों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया। अंत में देश की तरक्की, अमन और खुशहाली के लिए दुआ की गई।
