ज्ञापन देने के लिए खड़े व्यापारी।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। प्रदेश के व्यापारियों की सामाजिक सुरक्षा को लेकर उद्योग व्यापार मण्डल उत्तर प्रदेश ने बड़ा मुद्दा उठाते हुए जीएसटी पंजीयनकर्ताओं के लिए पचास लाख रुपये दुर्घटना बीमा और मासिक पेंशन योजना लागू करने की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।
उद्योग व्यापार मण्डल उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा के नेतृत्व में व्यापारियों ने कहा कि प्रदेश का व्यापारी वर्ग वर्षों तक व्यापार कर सरकार को नियमित रूप से टैक्स अदा करता है, लेकिन आकस्मिक दुर्घटना होने पर व्यापारी परिवार पूरी तरह आर्थिक संकट में घिर जाता है। परिवार के सामने बच्चों की पढ़ाई, इलाज, विवाह और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो जाता है। व्यापारियों ने कहा कि वर्तमान समय में जीएसटी पंजीयनकर्ताओं के लिए केवल दस लाख रुपये का दुर्घटना बीमा लागू है, जो मौजूदा परिस्थितियों में बेहद कम है। इसे बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया जाना चाहिए, ताकि व्यापारी परिवारों को सुरक्षा का भरोसा मिल सके। साथ ही व्यापारियों के लिए मासिक पेंशन योजना भी लागू करने की मांग की गई, जिससे वृद्धावस्था में उन्हें आर्थिक सहारा मिल सके। ज्ञापन में कहा गया कि यदि सरकार व्यापारियों को मजबूत सामाजिक सुरक्षा प्रदान करती है तो प्रदेश के मध्यम और सूक्ष्म व्यापारी बड़ी संख्या में जीएसटी पंजीयन से जुड़ेंगे। इससे न केवल व्यापारियों का भविष्य सुरक्षित होगा, बल्कि राज्य सरकार के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। व्यापार मंडल ने अपनी मांग को राष्ट्रहित, समाजहित, जनहित और व्यापारहित से जुड़ा बताते हुए सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। ज्ञापन सौंपने वालों में शिवचन्द शुक्ला, राजेश सोनी, संजय गुप्ता, अजय गुप्ता, सुनील गुप्ता, जितेन्द्र यादव उर्फ सोनू यादव, विनोद गुप्ता, रिजवान डियर समेत बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now