फोटो परिचय- परिजनों से मिलकर ढांढस बंधातीं राज्यमंत्री कृष्णा पासवान।
– परिजनों ने कथित ओझा पर लगाया लापरवाही का आरोप, पुलिस ने हिरासत में लिया
– राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली
सिटी न्यूज फतेहपुर
खागा, फतेहपुर(CNF)। खागा कोतवाली क्षेत्र के उमरा गांव में झाड़-फूंक के दौरान एक युवक की मौत के बाद रविवार को हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि बीमारी से पीड़ित युवक का समुचित उपचार कराने के बजाय कथित ओझा से झाड़-फूंक कराई जा रही थी। इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कथित ओझा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर राज्यमंत्री कृष्णा पासवान भी गांव पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार उमरा गांव निवासी रामचंद्र पुत्र सकतू की काफी समय से तबीयत खराब चल रही थी। परिजनों के मुताबिक उन्होंने कई स्थानों पर उसका उपचार कराया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिवार के लोग कथित ओझा सर्वेश सोनी के संपर्क में आए और 12 सितंबर से रामचंद्र की झाड़-फूंक शुरू कराई गई।
परिजनों का आरोप है कि रात में रामचंद्र की हालत अचानक अधिक बिगड़ गई। इसके बाद कथित ओझा दोबारा मौके पर पहुंचा और देर रात तक झाड़-फूंक करता रहा। इसी दौरान रामचंद्र की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजन व ग्रामीण आक्रोशित हो उठे।
ग्रामीणों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए जनप्रतिनिधि के मौके पर पहुंचने तक शव न उठाने की बात कही। हंगामे के बीच मारपीट की सूचना भी सामने आई। स्थिति बिगड़ने की जानकारी मिलते ही खागा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने कथित ओझा सर्वेश सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने पर राज्यमंत्री कृष्णा पासवान भी उमरा गांव पहुंचीं। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। राज्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बताया गया कि रामचंद्र अपने पीछे करीब 18 वर्षीय बेटी तथा 15 और 13 वर्ष के दो बेटों को छोड़ गया है। परिवार में युवक की मौत के बाद मातम पसरा हुआ है।
खागा कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि कथित ओझा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में यदि उसकी संलिप्तता अथवा लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
