ट्रैक्टर पर स्टंटबाजी करता युवक।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सोशल मीडिया पर लाइक व वायरल होने की होड़ में युवाओं की खतरनाक स्टंटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला थरियांव थाना क्षेत्र के कमालीपुर गांव का है, जहां एक युवक का ट्रैक्टर से जानलेवा स्टंट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में युवक तेज रफ्तार से ट्रैक्टर को पीछे दौड़ाता है और अचानक ब्रेक लगाकर ट्रैक्टर के अगले हिस्से को हवा में उठाकर दो पहियों पर खड़ा कर देता है। यह खतरनाक स्टंट खेत में किया गया, लेकिन जरा सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। वीडियो वायरल होने के बाद थरियांव पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि जांच-पड़ताल में ट्रैक्टर चला रहे युवक की पहचान कमालीपुर निवासी अभिषेक लोधी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए युवक के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वाली इस तरह की स्टंटबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई इस तरह अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डाले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now