एनकार्ड समिति की बैठक में भाग लेतीं डीएम व साथ में एसपी।
– जिला स्तरीय एनकार्ड समिति की बैठक में जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR 
फतेहपुर(CNF)। जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी व मादक पदार्थों के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिला स्तरीय एनकार्ड समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निधि गुप्ता वत्स एवं अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी और नशे के बढ़ते दुरुपयोग को लेकर गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में किसी भी कीमत पर अवैध मादक पदार्थों की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए आबकारी विभाग और पुलिस विभाग समन्वय बनाकर लगातार अभियान चलाएं तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। डीएम ने भांग की दुकानों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि दुकानों में केवल लाइसेंसी भांग की ही बिक्री होनी चाहिए। यदि किसी दुकान में अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाए। बैठक में शिक्षा विभाग को भी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्कूलों और कॉलेजों के आसपास नशे से संबंधित किसी भी दुकान का संचालन न होने पाए। साथ ही छात्र-छात्राओं और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या सेवन की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), पुलिस क्षेत्राधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर, आबकारी निरीक्षक सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now