CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। कस्बे में तार टूटने से एक बड़ा हादसा टल गया, जब किशनपुर रोड स्थित ब्लॉक के सामने बंच कंडक्टर तार अचानक गर्म होकर टूट गई। तार टूटते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वहां से गुजर रहे राहगीरों में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिजली कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। टीम ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से पहले बिजली आपूर्ति को बंद कराया, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके। इसके बाद टूटे हुए बंच कंडक्टर तार को ठीक करने का कार्य शुरू किया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद बिजली कर्मियों ने लाइन को दुरुस्त कर लिया और पुनः विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी। इस दौरान क्षेत्र के लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा, लेकिन समय रहते समस्या का समाधान होने से लोगों ने राहत की सांस ली। नागरिक मो मोईन, परवेज, सैफ, बजरंगी शुक्ला ने बताया कि गर्मी शुरू होते ही तारों के टूटने का सिलसिला चालू हो गया है। बिजली विभाग अधिकारी समस्या को तत्काल ठीक कर ले। साथ ही यह भी मांग की कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए ठोस कदम उठाएं। एसडीओ दीपक सिंह ने बताया कि नागरिकों की सूचना पर बिजली कर्मी भेजे गए है। लाइन ठीक करवा दी गई है।
