– कभी भी हो सकता हादसा, जिम्मेदारी से बच रहे अधिकारी
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। किशनपुर क्षेत्र स्थित तुर्की नाला पुल की जर्जर हालत के बीच ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही से कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुल और उसके वैकल्पिक रास्ते से भारी व ओवरलोड ट्रक गुजर रहे हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, देवेंद्र, रामेंद्र आदि लोगों का कहना है कि पुल पहले से ही क्षतिग्रस्त है और उसकी मरम्मत को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसके बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही जारी है। सवाल यह उठ रहा है कि वैकल्पिक मार्ग से ओवरलोड वाहनों को निकलने की अनुमति किसने दी और लोक निर्माण विभाग ने किस आधार पर ऐसा आदेश जारी किया है। ग्रामीणों के मुताबिक दादो पुल और उससे जुड़ी सड़क भी लंबे समय से जर्जर हालत में है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यदि इसी तरह ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही जारी रही तो पुल और सड़क की स्थिति और भी खराब हो सकती है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। नियमों की बात करें तो मोटर वाहन अधिनियम और सड़क सुरक्षा मानकों के अनुसार किसी भी क्षतिग्रस्त या कमजोर पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के निर्देश होते हैं। ऐसे स्थानों पर प्रशासन द्वारा बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और वैकल्पिक सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था करना अनिवार्य माना जाता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल की स्थिति की तत्काल जांच कराई जाए और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि अगर भविष्य में कोई दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी किस विभाग और किस अधिकारी की होगी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और अधिकारियों की होगी।
