– 13 जुलाई को विकास भवन में होगा आयोजन
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 13 जुलाई को विकास भवन सभागार में मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया जाएगा। राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर आयोजित इस विशेष अदालत का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा उनकी शिकायतों का स्थानीय स्तर पर निस्तारण कराना है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 की भावना के अनुरूप सुदूरवर्ती एवं पिछड़े क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगजनों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, समाज में उनके साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त करने तथा उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए यह पहल की जा रही है। मोबाइल कोर्ट में समाज कल्याण, शिक्षा, ग्राम विकास, ग्रामीण विकास अभिकरण, परिवहन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, लोक निर्माण, रेलवे, पुलिस प्रशासन, पंचायतीराज, श्रम, खाद्य एवं रसद, नगर विकास, राजस्व, बिजली विभाग तथा विभिन्न बैंकों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने जनपद के सभी दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे 13 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विकास भवन सभागार में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराएं, ताकि उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान कराया जा सके।
