– हाईस्कूल-इंटर पास शिक्षक संभाल रहे बच्चों का भविष्य
CITY NEWS FATEHPUR
गाजीपुर, फतेहपुर(CNF)। कस्बे में शिक्षा व्यवस्था की हकीकत चैंकाने वाली सामने आई है। यहां दर्जनों ऐसे निजी स्कूल संचालित हो रहे हैं जो न केवल मानकों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और भविष्य दोनों के साथ गंभीर खिलवाड़ कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इन स्कूलों का संचालन बिना पर्याप्त संसाधनों, बिना प्रशिक्षित शिक्षकों और बिना बुनियादी सुविधाओं के खुलेआम किया जा रहा है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी इस ओर से आंखें मूंदे बैठे हैं।
कस्बे के गाजीपुर-फतेहपुर मार्ग पर एक गेस्ट हाउस के सामने सड़क किनारे संचालित हो रहा एक स्कूल इस लापरवाही का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है। यहां न तो स्कूल के सामने बाउंड्रीवॉल है और न ही बच्चों की सुरक्षा के कोई इंतजाम। छोटे-छोटे कमरों, जो देखने में दुकानों जैसे लगते हैं, में कक्षाएं चलाई जा रही हैं। सड़क से सटे होने के कारण हर समय हादसे का खतरा बना रहता है, लेकिन इसके बावजूद स्कूल संचालक बेखौफ होकर संचालन कर रहे हैं। इन स्कूलों में पढ़ाने वाली कई शिक्षक शिक्षिकाएं केवल हाईस्कूल या इंटरमीडिएट पास हैं, जिनके पास न तो कोई प्रशिक्षण है और न ही शिक्षण का अनुभव। ऐसे में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना तो दूर, उनका भविष्य ही अंधकारमय होता नजर आ रहा है। अभिभावक भी मजबूरी में अपने बच्चों को इन स्कूलों में भेज रहे हैं, क्योंकि उन्हें सही जानकारी और विकल्पों की कमी है। सबसे चैंकाने वाली बात यह है कि गेस्ट हाउस के सामने खुले इस स्कूल को लगाकर कई अन्य स्कूलों को केवल प्राथमिक स्तर की मान्यता प्राप्त है, लेकिन वहां नियमों को दरकिनार करते हुए उच्च कक्षाएं भी संचालित की जा रही हैं। शिक्षा विभाग के नियमों का खुला उल्लंघन करते हुए संचालक मनमानी कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि इन स्कूलों का संचालन पूरी तरह ‘कमाई के धंधे’ के रूप में किया जा रहा है, जहां बच्चों की शिक्षा से ज्यादा ध्यान फीस वसूली पर है। सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक ऐसे ‘शिक्षा माफिया’ बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते रहेंगे? अगर समय रहते इन स्कूलों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। जरूरत है कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग तत्काल जांच कर ऐसे सभी मानक विहीन स्कूलों को बंद कराए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे। मामले को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी भारती त्रिपाठी ने बताया कि गाजीपुर कस्बे में संचालित मानक विहीन एवं अमान्य विद्यालयों की जांच के लिए बहुआ खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया है। जांच में जो भी स्कूल नियमों के विपरीत पाए जाएंगे, उनके संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
