फोटो परिचय- भिटौरा घाट पर विसर्जन की तैयारियों का जायजा लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक।

– भिटौरा घाट पर नाव, गोताखोर और बैरिकेडिंग के इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश

– विसर्जन मार्गों की मरम्मत और रोशनी की व्यवस्था पर जोर

– सभी एसडीएम को घाटों का निरीक्षण कर कमियां दूर कराने के आदेश

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। दुर्गा विसर्जन को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने भिटौरा घाट पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने विसर्जन मार्गों पर गड्ढों को भरवाकर आवागमन सुगम बनाने को कहा। घाट पर नाव, गोताखोर, रस्सी और बैरिकेडिंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी और निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया।

डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों के विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर कमियां दूर कराने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने पर जोर दिया।

वहीं, एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने सीओ सिटी को विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए सतर्कता बरतने को कहा।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, खंड विकास अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now