फोटो परिचय-  जरूरतमंद मरीज की मदद के लिए ओ निगेटिव रक्तदान करते सुभान।

– बांदा में ओ निगेटिव रक्त नहीं मिलने पर सक्रिय हुई सामाजिक संस्था

– सातवीं बार रक्तदान कर सुभान ने बचाई मरीज की उम्मीद

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जरूरत के वक्त किया गया रक्तदान किसी परिवार के लिए बड़ी राहत बन सकता है। बांदा में भर्ती एक मरीज को दुर्लभ ओ निगेटिव रक्त की जरूरत पड़ी तो फतेहपुर की सामाजिक संस्था सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन मदद के लिए आगे आई। संस्था के प्रयास और मानस रक्तकेंद्र के सहयोग से मरीज के लिए रक्त की व्यवस्था कराई गई। आबूनगर निवासी सुभान ने सातवीं बार रक्तदान कर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

बांदा के छोटी बाजार मुचियाना निवासी दिनेश कुमार साहू पुत्र लल्लू राम साहू रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में दोनों पैरों की हड्डियों के ऑपरेशन के लिए भर्ती हैं। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उनके लिए ओ निगेटिव रक्त की आवश्यकता बताई। स्थानीय रक्त केंद्रों में यह समूह उपलब्ध नहीं होने से परिजन परेशान हो गए।

इसकी जानकारी मिलने पर बांदा टीम के अध्यक्ष सलमान ने सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के प्रबंधक गुरमीत सिंह से संपर्क किया। इसके बाद फतेहपुर स्थित मानस रक्तकेंद्र के सहयोग से मरीज की बेटी एवं तीमारदार रिचा साहू को आवश्यक रक्त उपलब्ध कराने में मदद की गई। इस दौरान सुभान ने स्वेच्छा से ओ निगेटिव रक्तदान किया। वह अब तक सात बार रक्तदान कर चुके हैं।

इस मौके पर संस्था की ओर से गुरमीत सिंह और अभिषेक साहू सहित मानस रक्तकेंद्र के डॉ. कैलाश पटेल, प्रभारी अमन यादव, टेक्नोलॉजिस्ट अनुस पटेल तथा लैब सहायक बलराम मौजूद रहे। संस्था ने लोगों से अपील की कि वे स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आएं, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now