पुलिस टीम की गिरफ्त में अभियुक्त।
– जमीनी विवाद में पीट-पीटकर युवक की हुई थी हत्या
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। खागा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत जमीन विवाद को लेकर हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो बांस के डंडे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत खागा पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक मु0अ0सं0 140/2026 से संबंधित हत्या के मुकदमे में प्रकाश में आए राहुल कुमार और विक्रम उर्फ मुकेश कुमार को गुरुवार रात गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में राहुल कुमार पुत्र जुगराज सिंह व विक्रम उर्फ मुकेश कुमार पुत्र होरीलाल निवासी ग्राम धरमंगदपुर नरवा थाना खागा शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी घटना के बाद फरार चल रहे थे और बाहर भागने की फिराक में साधन का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ग्राम प्रधान भूपेन्द्र उर्फ मदन सिंह और उनके परिवार ने जय सिंह से 13 बिसवा जमीन खरीदी थी। जमीन की रजिस्ट्री के बाद भुगतान का कुछ हिस्सा बाकी था, लेकिन दाखिल-खारिज में आपत्ति लगने से विवाद गहराता चला गया। इसी रंजिश को लेकर 9 मई को खेत में पानी लगाने के दौरान फूल सिंह और दूसरे पक्ष के लोगों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर आरोपियों ने फूल सिंह पर लाठी-डंडों और लोहे की पाइप से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी हथियार झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए थे। पुलिस ने बताया कि इससे पहले 12 मई को इस मामले में छह वांछित अभियुक्तों समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब तक कुल नौ आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राहुल कुमार के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है, जबकि विक्रम उर्फ मुकेश कुमार पर दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज बताया गया है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रामआशीष यादव, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार यादव, राहुल कुमार पाण्डेय समेत खागा थाना पुलिस और इंटेलीजेंस विंग की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now