छात्रा की वापसी पर संगठन की अध्यक्ष का आभार जताती मां।
– गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक का संघर्ष से मिली जीत
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मड़राँव से पिछले दो महीनों से लापता नाबालिग छात्रा के मामले में गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक के कड़े तेवरों और संघर्ष ने आखिरकार रंग दिखाया है। संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में किए गए पुरजोर विरोध और पुलिस प्रशासन को दिए गए अल्टीमेटम के बाद, पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए अपहृत छात्रा को उत्तराखंड के देहरादून से सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही शुरू कर दी है।
विदित हो कि 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा 15 जनवरी 2026 को कोचिंग जाते समय लापता हो गई थी। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन पुलिस की सुस्ती के कारण दो महीने बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा था। परेशान परिजन दर-दर की ठोकरें खा रहे थे, जिसके बाद उन्होंने गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक से न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अध्यक्ष हेमलता पटेल ने हाल ही में बिंदकी क्षेत्राधिकारी और कोतवाल से तीखी वार्ता कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि चार दिनों में बरामदगी नहीं हुई तो कोतवाली का घेराव कर वृहद आंदोलन किया जाएगा। इस दबाव के चलते पुलिस उसी दिन से सक्रिय हुई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छात्रा को उत्तराखंड से ढूंढ निकाला। छात्रा की बरामदगी पर खुशी जाहिर करते हुए हेमलता पटेल ने कहा कि यह संगठन और पीड़ित परिवार के धैर्य की जीत है। छात्रा के सुरक्षित घर लौटने पर परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी उत्साह है। परिजनों ने नम आँखों से अध्यक्ष हेमलता पटेल और संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुलाबी गैंग की सक्रियता के बिना यह संभव नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now